साहिबाबाद। राजेंद्रनगर सेक्टर-दो स्थित ईएसआईसी अस्पताल में होली के लिए इमरजेंसी वार्ड तैयार कर लिया गया है। इसमें त्वचा, सर्जरी, विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहेंगे। जिनकी ड्यूटी समय-समय पर बदलती रहेगी।
होली को लेकर ईएसआईसी अस्पताल में आठ बेड का इमरजेंसी वार्ड और स्पेशल वार्ड बनाया गया है। इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त चिकित्सक व स्टाफ नर्स की डयूटी भी लगाई जाएगी। होली पर कोई घटना होने पर तत्काल इलाज मुहैया करवाया जा सके। वहीं, मरीजों के लिए दवाई का भी प्रबंध किया गया है।
सर्जरी विभाग के सीएमओ डॉ. विमल कुमार ने बताया कि डॉक्टर और नर्स के साथ टीम तैयार कर ली गई है। 24 घंटे की ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों की तैनाती रोस्टर के अनुसार किया गया है। ईएसआईसी कार्डधारक के साथ सामान्य लोगों का भी इलाज किया जाएगा। मरीजों को समस्या न हो इसके लिए एंबुलेंस भी रहेगा। इससे आसपास के अस्पताल सहित ईएसआईसी कार्डधारक को जरूरत पड़ने पर भेजा जा सके। उन्होंने लोगों से होली खेलते समय सावधानी बरतने, मिलावटी व केमिकल युक्त रंग का प्रयोग न करने की अपील की।