प्रताप विहार में फाल्ट ठीक करते ऊर्जा निगम कर्मी। संवाद
गाजियाबाद। नो पावर कट जोन में होने के बाद भी शहर में बिजली की समस्या बढ़ गई है। लगातार कटौती की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नंदग्राम में रविवार को करीब तीन घंटे बिजली गुल रही। इसकी वजह से लोग काफी परेशान रहे। बिजली कटौती होने से लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों की मानें तो शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। लेकिन हकीकत सिर्फ कागजों में है। कटौती पर ऊपर के अधिकारियों की ओर से जब भी पूछताछ की जाती है तो क्षेत्रीय अधिकारी अपने उपकेंद्र की सप्लाई के कागज लेकर दिखाते हैं कि यहां 24 घंटे सप्लाई हो रही है। जबकि पूरे उपकेंद्र की बिजली किसी बड़े फॉल्ट पर ही बंद होती है। उपकेंद्र के इलाकों में थोड़ी-थोड़ी देर की कटौती को अधिकारी कटौती मानने को तैयार नहीं हैं। जबकि इसी कटौती से लोगों को परेशानी हो रही है। रविवार को भी नेहरूनगर, प्रतापविहार, सिद्धार्थविहार, राजनगर एक्सटेंशन समेत अन्य इलाकों में दो से तीन घंंटे की कटौती हुई।
जोन एक के अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि कुछ इलाकों में फॉल्ट आने की वजह से कटौती की गई है। इसके अलावा आपूर्ति सामान्य रही।