गाजियाबाद। नोटबंदी के चलते पावर कारपोरेशन के राजस्व में बंपर बढ़ोतरी हुई है। नोटबंदी में अधिक कलेक्शन के लिए कारपोरेशन ने समय से पहले ही उपभोक्ताओं को बिल भेज दिए। अमूमन हर माह की 22 तारीख तक पहुंचने वाले बिजली बिल इस बार 15 दिसंबर से पहले ही दे दिए गए, जिसके चलते 50 फीसदी बिल का कलेक्शन अब तक हो भी चुका है।
कारपोरेशन की ओर से तय डेडलाइन से पहले 80 फीसदी बिल जारी कर दिए गए। 500 रुपए के पुराने नोट स्वीकार किए जाने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर थी। मौके का फायदा उठाते हुए 50 फीसदी उपभोक्ताओं ने पुरानी करेंसी के जरिए अपना बिल भुगतान किया।
बीते बृहस्पतिवार को 121 कैश काउंटरों पर देर रात 11:30 बजे तक बिल जमा हुए। पावर कारपोरेशन एसई एसबी यादव ने बताया कि नोटबंदी के दौरान बिजली बिल कलेक्शन बेहतर रहा है। तय समय सीमा से पहले ही विभाग को रिकॉर्ड राजस्व की प्राप्ति हुई है।