मोदीनगर थाने पर हंगामा करते एहसान के परिजन। संवाद
मोदीनगर। किन्नरों के चालक एहसान के परिजनों ने हत्यारोपियों के एनकाउंटर की मांग को लेकर सोमवार को थाने पर हंगामा किया। आरोप लगाया कि पुलिस ने साठगांठ के कारण हत्यारोपियों को चुपचाप गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
बता दें कि बीते 16 अक्तूबर को विश्वकर्मा कॉलोनी में मकान की साफ-सफाई करने आए किन्नरों के चालक एहसान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। एहसान हत्याकांड में छह से अधिक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। हत्याकांड के खुलासे में लगी पुलिस ने घटना के दस दिन बाद रविवार को दो हत्यारोपियों मेजर उर्फ जावेद व सुहेल को गिरफ्तार किया था। सोमवार को एहसान के परिजन एकत्रित होकर मोदीनगर थाने पहुंचे और पुलिस पर आरोपियों से साठगांठ का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने कहा कि पुलिस जानबूझकर हत्याकांड में लापरवाही कर रही है। एसएचओ ने उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।