- खोड़ा इलाके में पांच प्वाइंट चिन्हित कर बनाए हॉट स्पॉट - टीएचए में पांच प्वाइंट की सील खुलीं
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। टीएचए में कोरोना संक्रमण की दस्तक लगातार बढ़ने से खतरा फैलता जा रहा है। शुक्रवार को सीएमओ ने खोड़ा-मकनपुर नगरपालिका क्षेत्र में पांच प्वाइंट सहित वैशाली, वसुंधरा और इंदिरापुरम क्षेत्र की कुछ सोसायटियों को हॉट स्पॉट में शामिल कर रेड जोन में दर्ज किया है। इन सभी प्वाइंटों पर दमकल विभाग, नगर निगम व खोड़ा नगरपालिका परिषद की तरफ से सैनिटाइजेशन के बाद निगरानी बढ़ा दी है। उधर, वैशाली में दो प्वाइंट और इंदिरापुरम में तीन प्वाइंटों के ग्रीन जोन में आने से उनकी सील खोल दी गई है।
खोड़ा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि क्षेत्र में पांच प्वाइंट हॉट स्पॉट में शामिल हुए हैं। जिनमें शिव पार्क खोड़ा, खोड़ा गांव, लेबर चौक दीपक विहार खोड़ा, गंगा विहार खोड़ा कालोनी एवं गली नंबर 12 खोड़ा कालोनी शामिल किए गए हैं। इन सभी इलाकों में दमकल विभाग और परिषद की तरफ से सैनिटाइजेशन किया गया है। उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि खोड़ा का इलाका नोएडा और दिल्ली से जुड़ा हुआ है। यहां से सैकड़ों लोग काम करने के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाते हैं। वहां से आने पर उनके जरिए संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसके लिए सीएमओ को एक पत्र लिखा जाएगा। जिसमें खोड़ा क्षेत्र में मेडिकल सुविधा बढ़ाने और एक दूसरे से तालमेल बनाने की अपील की जाएगी।
वहीं, वसुंधरा सेक्टर-3, सेक्टर-13 एवं गीतांजली अपार्टमेंट सेक्टर-18 वसुंधरा, वैशाली सेक्टर-5 में डिजाइन आर्क सोसायटी, सेक्टर-1, रामप्रस्थ में सन साइन होटल के पास सी-90, शिव मंदिर वाली गली भोवापुर, गिरधर एंक्लेव साहिबाबाद, ब्रिजविहार, कड़कड़ मॉडल, झंडापुर, शहीद नगर एवं 874 शालीमार गार्डन, इंदिरापुरम में शिप्रा रिवेरा सोसायटी, रेल विहार सोसायटी, लोनी भोपुरा रोड पर ऑक्सी होम सोसायटी में ए ब्लॉक को रेड जोन में दर्ज करते हुए हॉट स्पॉट घोषित किया गया है। उधर, राहत की बात ये है कि वैशाली सेक्टर-6 एवं फ्लैट नंबर जी-3, 270 नंबर सेक्टर-1, ज्ञानखंड प्रथम, एटीएस सोसायटी, शिप्रा सन सिटी सोसायटी की सील को खोल दिया गया है। -------------------------- सुमित कुमार