गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से बनाई गई योजनाएं जनस्वीकार्यता और जागरूकता के अभाव में किस तरह दम तोड़ रही हैं, इसका उदाहरण हिंडन श्मशान घाट स्थित नगर निगम का सीएनजी शवदाह गृह है। करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस शवदाह गृह को बने छह महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आम लोग इसमें अंतिम संस्कार कराने से कतरा रहे हैं। नतीजा, बीते छह महीनों में यहां महज 18 अंतिम संस्कार हुए हैं। ये सभी पुलिस की ओर से लाए गए लावारिस शवों के थे, जिनकी पहचान नहीं हो सकी थी।
इलेक्ट्रिक शवदाह गृह भी नहीं हो सका सफल
नगर निगम की यह पहली पहल नहीं है, जिसे लोगों की स्वीकार्यता नहीं मिल सकी। वर्ष 2020 में भी करीब 50 लाख रुपये की लागत से इलेक्ट्रिक शवदाह गृह का निर्माण कराया गया था। यह योजना भी अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो सकी और वर्तमान में यह बंद पड़ा है। मृतकों के परिजन आज भी लकड़ी और उपलों से पारंपरिक तरीके से अंतिम संस्कार करना पसंद कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं से जुड़ाव के चलते आधुनिक व्यवस्था को अपेक्षित स्वीकार्यता नहीं मिल पा रही है।
प्लेटफॉर्म घटे, जगह न मिलने पर भटक रहे परिजन
सीएनजी शवदाह गृह के निर्माण के लिए श्मशान घाट परिसर में जगह की जरूरत थी। इसके लिए पहले से बने पारंपरिक प्लेटफॉर्मों को तोड़ा गया। नतीजतन, इनकी संख्या 41 से घटकर अब केवल 20 रह गई है। इसका सीधा असर अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों पर पड़ रहा है। वर्तमान में यहां रोजाना औसतन 20 शव अंतिम संस्कार के लिए आते हैं। ऐसे में सभी प्लेटफॉर्म भर जाते हैं। इस दौरान अगर कोई और शव लेकर पहुंच जाए तो अंतिम संस्कार करने के लिए इंतजार करना पड़ता है या दूसरे स्थानों की तलाश करनी पड़ती है। कुल मिलाकर आधुनिक सुविधा शुरू करने के लिए पारंपरिक व्यवस्था में की गई कटौती अब लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
अंतिम संस्कार के तरीके को लेकर किसी पर दबाव नहीं : सुपरवाइजर
शवदाह गृह के सुपरवाइजर विकास कुमार ने बताया कि अधिकांश लोग पारंपरिक तरीके से ही अंतिम संस्कार करना पसंद कर रहे हैं। इस संबंध में किसी पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। यह पूरी तरह परिजनों की मर्जी पर निर्भर करता है कि वे किस पद्धति से अंतिम संस्कार करना चाहते हैं।
लाखों खर्च, जागरूकता अभियान न समाधान
एक ओर लाखों रुपये खर्च कर तैयार किया गया सीएनजी शवदाह गृह इस्तेमाल के इंतजार में है, वहीं दूसरी ओर पारंपरिक प्लेटफॉर्मों की संख्या घटने से श्मशान घाट में जगह का संकट बढ़ रहा है। ऐसे में नगर निगम की योजना पर सवाल उठ रहे हैं। पर्यावरणविद प्रो. राजपाल त्यागी का कहना है कि पर्यावरण अनुकूल अंतिम संस्कार की व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक करने और पारंपरिक प्लेटफॉर्मों की कमी से पैदा हुई समस्या का समाधान करने की जरूरत है। ऐसा नहीं होने पर सीएनजी शवदाह गृह भी इलेक्ट्रिक शवदाह गृह की तरह अनुपयोगी साबित होगा।