गाजियाबाद। श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर अब भक्तों के लिए 14 अप्रैल तक बंद रहेगा। इस दौरान सिर्फ मंदिर के पुजारी ही पूजा-अर्चना का कार्य करेंगे, कोई श्रद्धालु मंदिर के अंदर नहीं आ पाएगा।
मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि ने बताया कि पहले मंदिर 31 मार्च तक के लिए बंद किया गया था, मगर अभी भी कोरोना वायरस का कहर जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर 14 अप्रैल तक देश भर में लाॅकडाउन भी लागू है। अतः स्थिति की गंभीरता को देखते हुए और कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जग में योगदान देने के लिए ही मंदिर के कपाट 14 अप्रैल की रात्रि 12 बजे तक भक्तों के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है। कोई भी भक्त मंदिर में इस दौरान प्रवेश नहीं करेगा।
इस दौरान दो सोमवार समेत प्रतिदिन का जलाभिषेक, भोग प्रसाद, श्रृंगार व आरती सिर्फ मंदिर के पुजारी द्वारा ही किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि सभी अपने घर पर ही रहकर पूजा पाठ करें और घर से बाहर ना निकलें। कोई आवश्यक कार्य होने पर जब घर से बाहर निकलें तब भी पूरी सावधानी बरतें।