बुधवार को अस्पताल की ओपीडी में आए खांसी जुखाम बुखार के 68 मरीज माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में बृहस्पतिवार को पांच नए कोरोना संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। डॉक्टरों ने पांचों मरीजों को अस्पताल में बने क्वॉरेंटाइन वार्ड में अलग अलग केबिन में भर्ती कर दिया। कोरोना जांच के लिए पांचों मरीजों के सैंपल प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। दून अस्पताल की ओपीडी में बुधवार को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक सर्दी खांसी जुकाम और बुखार के 68 मरीज आए। जिनमें से अधिकतर को डॉक्टरों ने जांच कर जरूरी दवाएं दी और घर में रहकर एहतियात बरतने के लिए कहा। जबकि पांच मरीजों में कोरोना जैसे लक्षण पाए जाने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी गई। पांचों को भर्ती करने के बाद उनके सैंपल लिए गए और कोरना जांच के लिए भेज दिया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि हालांकि इन पांचों में कोई भी मरीज ऐसा नहीं है जो हाल ही में विदेश या दूसरे राज्य से आया हो। फिर भी एहतियातन उन्हें अस्पताल में भर्ती कर जरूरी उपचार शुरू कर दिया गया है। इस तरह से दून अस्पताल मैं बुधवार को 10 संदिग्ध मरीज भर्ती थे। जबकि तीन पॉजिटिव मरीजों का अलग आइसोलेशन वार्ड में उपचार चल रहा है। उनके भी सैंपल फिर से कोरोना जांच के लिए भेजे जा रहे हैं।