मसूरी क्षेत्रांतर्गत शराब के नशे में चचेरे भाइयों द्वारा मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने चचेरे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम डूंडाहेड़ा निवासी राहुल त्यागी ने अपने चचेरे भाइयों मुकुल त्यागी और कुल भूषण त्यागी के खिलाफ थाना मसूरी में गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दी है।
पीड़ित राहुल त्यागी के अनुसार, घटना 17 सितंबर की शाम की है। वह करीब साढ़े पांच बजे भोजपुर मोदीनगर स्थित अपनी कृषि भूमि पर गए थे, जहां उनके चचेरे भाई मुकुल त्यागी पुत्र सत्यभगवान त्यागी और कुल भूषण त्यागी पुत्र कृष्ण भगवान त्यागी भी आ गए, दोनों भाई शराब के नशे में थे। उन्हें नशे में देखकर राहुल वहां से अपने घर के लिए निकल गए। आरोप है कि शाम लगभग 8 बजे जब वह 'हवा हवाई' रेस्टोरेंट के पास पहुंचा तो दोनों भाइयों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में पीड़ित के सिर और कंधे पर गम्भीर चोटें आईं और शरीर पर अन्य जगह भी चोटें लगीं, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद, पीड़ित ने पास के सरकारी अस्पताल क्रॉसिंग के समीप पहुंचकर प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद 112 नंबर पर पुलिस को सूचना देने पर उन्हें संबंधित थाने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मसूरी पुलिस थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ उचित और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित राहुल त्यागी की शिकायत के आधार पर इनके चचेरे भाई मुकुल त्यागी और कुल भूषण त्यागी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।