मोदीनगर। जगतपुरी कॉलोनी निवासी श्रमिक अमरजीत ने बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे घर के पास से गुजर रही एलटी विद्युत लाइन का तार पकड़ लिया। करंट लगने के कारण अमरजीत गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान शटडाउन के कारण विद्युत आपूर्ति बंद हो गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। परिजनों ने बताया कि अमरजीत नशे का आदी है और उसने शराब पीने के बाद विद्युत तार पकड़ लिया।
जगतपुरी कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय अमरजीत श्रमिक है। परिवार में पत्नी रेखा व पुत्र विशाल है। अमरजीत के घर के पास से एलटी विद्युत लाइन गुजर रही है। पत्नी रेखा ने बताया कि अमरजीत शराब पीने का आदी है और वह नशा करने के बाद बेकाबू हो जाता है। बृहस्पतिवार सुबह ही अमरजीत ने शराब पी ली और नशे में छत पर चला गया। पत्नी ने बताया कि नशा अधिक होने के कारण अमरजीत ने घर के पास से गुजर रही विद्युत लाइन का तार पकड़ लिया। अमरजीत के शरीर से चिंगारी निकलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने धुआं उठता देख शोर मचा दिया। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसी दौरान शटडाउन के कारण विद्युत आपूर्ति बंद हो गई।
इसके बाद अमरजीत झटके के साथ छत पर गिर गया। परिजन अमरजीत को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। अमरजीत की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अधिशासी अभियंता महेश उपाध्याय ने बताया कि जांच में अमरजीत द्वारा नशे में एलटी लाइन का तार पकड़ने की बात सामने आई है। अमरजीत की पत्नी ने भी इस बात की पुष्टि की है। वायरल वीडियो में भी अमरजीत खुद तार पकड़ता दिख रहा है।