खोड़ा में गाड़ी चालक विजेंद्र की हत्या के बाद घर के बाहर लोगों की भीड़, बेसुध होकर बेहोश हुई मृ
- फोटो : Samvad
खोड़ा। थानाक्षेत्र स्थित शंकर विहार गली नंबर एक निवासी विजेंद्र (30) का शव मंगलवार रात करीब नौ बजे घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला। विजेंद्र के बड़े भाई बबलू ने पुलिस को घटना की सूचना दी। भाई ने विजेंद्र की पत्नी सोनिया उर्फ हिना पर हत्या का आरोप लगाया है। बुधवार देर शाम को पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। विजेंद्र शंकर विहार स्थित किराये के मकान में पत्नी सोनिया उर्फ हिना, छह व आठ वर्षीय बेटों, मां, छोटे भाई गोपाल और छोटी बहन के साथ रहते थे। उनके दो अन्य भाई बबलू और वीरेंद्र भी पड़ोस में ही रहते हैं। विजेंद्र मालवाहक वाहन पर चालक थे। उनके चचेरे भाई हरीश राजपूत ने बताया कि 31 मार्च की रात विजेंद्र की मां कीर्तन में गई थीं। घर के बाकी लोग भी बाहर गए हुए थे। जब सभी घर लौटे तब विजेंद्र शव चारपाई पर मिला। एक अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। विजेंद्र के भाई बबलू ने उसकी पत्नी पर ही हत्या का आरोप लगाया है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवक के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।