गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र स्थित लोहा मंडी से करीब 15 लाख रुपये कीमत का माल लेकर गजरौला के लिए निकला चालक ट्रक सहित फरार हो गया। आरोपी ने अंतिम बार कारोबारी से टायर फटने की बात कही थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद मिला। कारोबारी राजकुमार सचदेवा ने कविनगर थाने में केस दर्ज कराया है।
एसीपी कविनगर अभय डागा ने बताया कि कारोबारी राजकुमार सचदेवा के मुताबिक, उन्होंने फरीदाबाद, हरियाणा स्थित ध्रुव इंटरनेशनल का माल ट्रक में लोड कराया था। यह माल गाजियाबाद की लोहा मंडी स्थित सुभाष अभिषेक स्टील और सन्नी कट्ट से लोड कराया गया था। माल को अमरोहा के गजरौला स्थित बालाजी एसोसिएट्स पहुंचाया जाना था। इसके लिए तीन अक्टूबर को ट्रक को रवाना किया गया था। चार अक्टूबर की सुबह तक ट्रक गजरौला नहीं पहुंचा तो उन्होंने चालक से फोन पर संपर्क किया।
चालक ने बताया कि रास्ते में ट्रक का टायर फट गया है और टायर लगवाने के बाद वह माल लेकर गजरौला पहुंच जाएगा। इसके बाद चालक ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद मिला। आरोप है कि इसके बाद ट्रक की जानकारी जुटाई गई तो ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी होने का पता चला। मामले में उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
एसीपी ने बताया कि मामले में छह अक्टूबर को आरोपी चालक दुर्वेश और मैसर्स सुभाष अभिषेक स्टील व सन्नी कट्ट के मालिकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।