शनिवार को शहर की सड़कों पर सुबह से लेकर शाम तक जाम लगा रहा। दिनभर वाहन रेंगते रहे। गलियों तक से निकलना दूभर हो गया। छोटी दिवाली पर बाजारों में काफी भीड़ रही और वाहनों की तादाद ज्यादा रहने से जीटी रोड, एनएच-24 और एनएच-58 पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इसके अलावा नवयुग मार्केट, घंटाघर, ठाकुरद्वारा, रेलवे रोड, गांधी नगर, रमते राम रोड, अंबेडकर रोड और पुराना बस अड्डा आदि स्थानों पर भी जाम लगा रहा। मिनटों का सफर लोगों को घंटों में तय करना पड़ा।
जल्दी निकलने के चक्कर में लोग गलियों से वाहन ले जाने लगे तो वहां भी जाम लग गया। हालांकि जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में जुटे रहे, लेकिन काबू नहीं पा सके।
जाम में फंसे लोगों का कहना था कि ट्रैफिक पुलिस को जाम से निपटने के लिए फुलप्रूफ प्लानिंग करनी चाहिए थी।
यही वजह है कि लगातार जाम मिल रहा है। कुछ लोगों का कहना था कि अगर पुलिस अवैध कटों को पूरी तरह से बंद कर दे तो इतनी समस्या न हो। दूसरी तरफ, इस संबंध में एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार ने बताया कि त्योहारों के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन लेकर निकल रहे हैं। इससे रोड पर ट्रैफिक धीमा जरूर हुआ है, फुलपैक जाम की स्थिति कहीं नहीं है।