हापुड़। नगर पालिका के निर्माण विभाग द्वारा मजीदपुरा और रामपुर रोड पर आरसीसी कवर्ड नाले बनाए जाएंगे। इसके अलावा कई मोहल्लों में सड़क व नाली का निर्माण होगा। इन सभी कार्यों पर करीब 2.54 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
पालिका द्वारा 23.63 लाख रुपये से ईदगाह के सामने छह गलियां, 9.96 लाख से गढ़ गेट पुलिस चौकी के आसपास, 9.82 लाख से मोहल्ला गोपीपुरा, 9.43 लाख से मोहल्ला केलशन नगर में चंद्रपाल के मकान से सुशील शर्मा के पास तक, 9.24 लाख से मोहल्ला इंद्रगढ़ी में कृष्णा, गुड्डू, महिपाल व बाली वाली गली, 9.94 लाख से मोहल्ला इंद्रगढ़ी में पीर और सतीश वाली गली, 28.22 लाख से मोहल्ला अनुज विहार में सलेख चंद के मकान से धर्म सिंह के मकान तक व कमल के मकान तक, 58 लाख से मोदीनगर रोड पर मेरठ मोड़ के पास से दायीं व बांयी और साइड पटरी पर ब्लॉक के पास तक इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य होगा।
इसके अलावा 39.50 लाख से मजीदपुरा रोड पर हाजी अयूब के कार्यालय के पास से गली नंबर-9 के पास तक और 37.73 लाख रुपये से रामपुर रोड पर हाजी सलीम की दुकान से हाजी यासीन के गोदाम तक आरसीसी कवर्ड नाले का निर्माण कराया जाएगा।
मामले में अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि इन सभी कार्यों को बोर्ड बैठक से भी स्वीकृति मिल गई है। शहर में विकास कार्य तय समय सीमा में तेजी से कराए जा रहे हैं।