वसुंधरा। प्रहलाद गढ़ी स्थित वार्ड-36 की गली नंबर-2 में बदहाल रास्ते और नालियों की अव्यवस्था से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गली में नालियों के गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही है। वहीं, पहले से लगी इंटरलॉकिंग टाइल्स भी कई जगह धंस चुकी हैं, इससे रास्ता ऊबड़-खाबड़ हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार गली की खराब स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कत होती है। कीचड़ और धंसी हुई टाइल्स के कारण लोगों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है। इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी सोहन बीर सिंह ने वार्ड-36 के पार्षद प्रहलाद गढ़ी के संज्ञान में मामला लाते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह अपने मित्र से मिलने गली नंबर-2 में आए थे, जहां उन्हें खुद इस समस्या का सामना करना पड़ा। इस दौरान मकान नंबर 242 और 245 में रहने वाले लोगों से भी उनकी मुलाकात हुई, जिन्होंने गली की बदहाल स्थिति की परेशानी बताई। वही, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि नाली की सफाई के लिए कर्मचारियों को निर्देशित कर दिया गया है। संवाद