मोदीनगर। डॉ.भीमराव आंबेडकर शिक्षा प्रचार एवं प्रसार संस्थान के पदाधिकारियों ने डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा बदलने की साजिश रचने का आरोप लगा बुधवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में हंगामा किया। चेयरमैन ने आंदोलनकारियों को समझाकर शांत कराया।
डॉ.भीमराव अंबेडकर शिक्षा प्रचार एवं प्रसार संस्थान के बैनर तले पदाधिकारी और कार्यकर्ता बुधवार को एकत्रित होकर नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचे। संस्थान के पदाधिकारी ओमप्रकाश, रामभरोसे लाल मौर्य और पूर्व सभासद विनोद गौतम ने बताया कि दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बस स्टैंड के सामने कस्बा रोड पर साल 1980 से डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर प्रतिमा को बदलने की साजिश रची जा रही है। मौके पर पहुंचे चेयरमैन विनोद वैशाली जाटव ने पदाधिकारियों से वार्ता कर समाज को साथ लेकर निर्माण कार्य कराने का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। इस दौरान शिखर सिंह, महकार सिंह, श्रीपाल और धर्मवीर आदि मौजूद रहे।