कैंसर से पीड़ित समाज सेविका डोरिस फ्रांसिस की मदद के लिए दिल्ली पुलिस भी आगे आई है। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के डीसीपी ऋषिपाल और एसीपी के सुदर्शन वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचे।
इस दौरान डोरिस के इलाज के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से दोनों अधिकारियों ने दो लाख 49 हजार रुपये नकद देकर मदद की। डोरिस से मिलने के बाद एसीपी के सुदर्शन ने कहा कि डोरिस एनएच-24 पर कई वर्षों से नि:स्वार्थ यातायात व्यवस्था संभाल रही हैं, ऐसे में उन्हें भी एक तरह से पुलिस का ही अंग माना जाएगा।
वहीं, एसएसपी गाजियाबाद दीपक कुमार भी देर शाम डोरिस का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। उधर, सर्व धर्म समभाव और हज कमेटी के लोगों ने भी अस्पताल पहुंचकर डोरिस का हाल पूछा और उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बता दें कि तीन माह पहले उन्हें कैंसर हो गया था। इसके बाद 23 नवंबर को एम्स में उनका आपरेशन किया गया। दो दिन पहले उन्हें वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोशल मीडिया पर अपील के बाद आगे लोग
सोशल साइट्स के माध्यम से लोगों को डोरिस के बारे में जानकारी मिल रही है। ऐसे में टीएचए के साथ ही दिल्ली-एनसीआर के लोग भी डोरिस की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। फेडरेशन आफ एओए के संरक्षक आलोक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए दूर-दूर से लोग डोरिस का हाल पूछ रहे हैं, साथ ही उनकी मदद भी कर रहे हैं।
पीएम ने डोरिस फ्रांसिस को कैंसर के इलाज के लिए दिए तीन लाख
मीडिया रिपोर्टों को संज्ञान में लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक कार्यकर्ता डोरिस फ्रांसिस को इलाज के लिए तीन लाख रुपये की मदद दी है। पीएम ने डोरिस को यह राशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दी है। डोरिस कैंसर से पीड़ित हैं और एम्स में भर्ती हैं।
पीएमओ की ओर से कहा गया है कि महिला होने के बावजूद डोरिस द्वारा किए गए सामाजिक कार्य और उनके कैंसर से पीड़ित होने की खबरों को संज्ञान में लेते हुए प्रधानमंत्री की ओर से उन्हें तीन लाख रुपये की मदद दी गई है।
पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि डोरिस का एम्स में इलाज चल रहा है। अस्पताल को कहा गया है कि वह उनका विशेष ध्यान रखे। बयान में कहा गया है कि पीएम की ओर से मिली मदद की जानकारी अस्पताल के साथ ही डोरिस के परिवार वालों को भी दे दी गई है।
डोरिस फ्रांसिस का हाल जानने अस्पताल पहुंचे एसएसपी
एसएसपी दीपक कुमार शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती डोरिस फ्रांसिस से मिले। एसएसपी ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस डोरिस फ्रांसिस की आर्थिक मदद करेगी। इसके लिए वह अपनी एक दिन की सैलरी देंगे। इसके अलावा एएसपी, सीओ, थानेदार, चौकी इंचार्ज और ट्रैफिक के पुलिसकर्मी भी अपनी एक दिन की सैलरी दे रहे हैं।