कैंसर से जूझ रहीं खोड़ा निवासी समाज सेविका डोरिस फ्रांसिस को प्रधानमंत्री राहत कोश से मदद दी जाएगी। बृहस्पतिवार को पीएमओ से प्रिंसिपल सेक्रेट्री पीके बाली की ओर से इस बारे में पत्र भेजा गया है। इसमें प्रधानमंत्री ने डोरिस के इलाज के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष से तीन लाख की राशि देने की बात कही है।
पत्र में लिखा गया है कि पीएमओ को ज्ञात हुआ है कि डोरिस कैंसर से पीड़ित हैं और उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह इलाज का खर्च उठा सकें। ऐसे में प्रधानमंत्री राहत कोष से उन्हें तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है।
अखबारों में छपी खबरों से पीएमओ को डोरिस की बीमारी और आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी मिली थी, जिसके बाद पीएमओ उनकी मदद के लिए पत्र लिखा और उनके जल्द ठीक होने की कामना की।
डोरिस की मदद के लिए आगे आई एओए के पास बृहस्पतिवार को पीएमओ कार्यालय से फोन आया था। फेडरेशन ऑफ एओए के संरक्षक आलोक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रिंसिपल सेक्रेट्री पीके बाली ने फोन कर कहा कि अगर आगे किसी तरह की मदद की आवश्यकता हो तो उन्हें जानकारी दे सकते हैं।
गौरतलब है कि डोरिस फ्रांसिस कुछ साल पहले बेटी की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद से एनएच-24 पर स्वेच्छा से ट्रैफिक संभालती हैं। उनके इस नि:स्वार्थ सेवा के लिए उन्हें कई संस्थाओं ने सम्मानित भी किया है।
आरडब्ल्यूए की ओर से की जा रही आर्थिक मदद
डोरिस के मदद के लिए टीएचए की कई सोसायटीज के लोग कैश इकट्ठा कर रहे हैं। एओए की ओर से बैनर छपवाया गया है, जिसमें डोरिस की मदद के लिए लोगों को आगे आने की अपील की गई है।
उनके खाते में अब तक लगभग 4 लाख रुपये जमा हो चुके हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में काफी संख्या में महिलाएं डोरिस से मिलने पहुंची और उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की।