सोसायटियों में कुत्ते से बचाव को बन रहे नियमों की परवाह कोई नहीं कर रहा। इसका ताजा उदाहरण वैभवखंड स्थित एक्सप्रेस गार्डन में देखने को मिला। सोसायटी का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दो किशोर छह वर्षीय मासूम के पीछे कुत्ता दौड़ा रहे हैं। मासूम को कुत्ता से कटवाने का भय दिखा रहे हैं जबकि बच्चा उनसे बचने के लिए भाग रहा है। सुरक्षाकर्मी के पीछे छिपने की भी कोशिश की लेकिन उसने भी बच्चे की कोई मदद नहीं की।
मंगलवार रात आठ बजे बच्चा सोसायटी में नीचे खेलने के लिए उतरा था। बच्चे के पिता डॉ. हिमांशु चौहान का कहना है कि सोसायटी में कुत्ते को लेकर आरडब्ल्यूए ने नियम बनाए हुए हैं जिसमें कोई भी अपना कुत्ता कॉमन एरिया में नहीं घुमा सकता और कुत्ते के मुंह पर मजल जरूर लगाना है। घटना के बाद उन्होंने आरडब्ल्यूए को शिकायत की लेकिन उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया। वहीं सुरक्षाकर्मी ने भी घटना उसके सामने होने से इनकार किया लेकिन जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज निकलवाए तो वह सामने आ गया। डॉ. हिमांशु का कहना है सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जब किशोरों के अभिभावकों से बात की तब उन्होंने माना कि उनके बच्चे ने गलती की है, इससे पूर्व सभी ने इस घटना के होने से इनकार ही किया था। वहीं, मामले में आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने अनभिज्ञता जाहिर की और कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
ट्वीट किया तो हरकत में आई आरडब्ल्यूए
बच्चे के पिता का आरोप है कि मंगलवार की रात से बुधवार सुबह तक वह शिकायत करते रहे लेकिन आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने कोई एक्शन नहीं लिया। उन्होंने जब यह वीडियो ट्विट कर अपनी शिकायत की तब आरडब्ल्यूए हरकत में आई। डॉ. चौहान का कहना है कि जिस तरह बच्चा सोसायटी के बाहर भागा कोई भी बड़ी घटना हो सकती थी।
नीति खंड में बच्चे के पीछे दौड़े कुत्ते
नीति खंड तीन में स्कूल जाते हुए एक बच्चे को काटने के लिए दो कुत्ते भौंकते हुए दौड़े। वहां मौजूद लोगों ने बच्चे को बचा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अक्सर बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए स्कूटी से स्कूल ले जा रही महिलाओं के पीछे कुत्ते दौड़ते हैं। कई बार महिलाएं गिर चुकी हैं।
आरडब्ल्यूए तुरंत करे कार्रवाई
फेडरेशन ऑफ ऑनर्स एसोसिएशन के संरक्षक आलोक कुमार का कहना है कि किसी भी आरडब्ल्यूए को ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। यदि लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे तो इसकी शिकायत नगर निगम में की जानी चाहिए।