जिला महिला अस्पताल में बुधवार को एक कुत्ता छह महीने का भ्रूण मुंह में दबाकर पहुंचा तो हड़कंप मच गया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने इसकी सूचना सीएमएस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।
लोगों का कहना है कि कुत्ता कहीं बाहर से भ्रूण लेकर अस्पताल परिसर में घुस गया था। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार को जिला महिला अस्पताल में एक कुत्ता कहीं से छह महीने का भ्रूण मुंह में दबाए अंदर घुस गया और पार्क में जाकर नोचने लगा। परिसर में मौजूद लोगों ने जब कुत्ते के मुंह में
भ्रूण देखा तो सीएमएस डॉ. श्रद्धा यादव को सूचना दी। उन्होंने तत्काल पुलिस को बुलाया। इस दौरान भ्रूण को देखने वालों की भीड़ लग गई, जिससे कुत्ता भ्रूण को वहीं छोड़कर भाग गया।
सीएमएस ने अस्पताल में टीम के साथ राउंड लिया और सभी से पूछताछ की कहीं किसी का बच्चा गायब तो नहीं है। सभी से तसल्ली हो जाने के बाद भ्रूण को पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सीएमएस डॉ. श्रद्धा यादव ने बताया कि भ्रूण दो तीन दिन पुराना लग रहा था। सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
कुत्तों ने 12 वर्षीय बच्ची पर किया हमला
आदित्य मेगा सिटी सोसायटी में कुत्तों का आतंक जारी है। बुधवार को कुत्तों के झुंड ने 12 वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। सोसायटी में बैठी एक मेड ने जैसे-तैसे बच्ची को बचाया। रेजिडेंट्स का कहना है कि सोसायटी में कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है।
फ्लैट संख्या डीजी-2 में रहने वाली बच्ची अनामिका सुबह किसी काम से नीचे आई हुई थी। वह एफ-ब्लॉक के टावर के पास पहुंची तो आठ से दस कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। वह भागने के चक्कर में गिर गई।
कुत्ते उसे काटने वाले थे कि पास बैठी मेड ने शोर मचाकर जैसे-तैसे कुत्तों को भगाकर बच्ची को बचाया। अनामिका की मां पारुल ने बताया कि सोसायटी में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। आए दिन कुत्ते किसी न किसी पर हमला कर रहे है। रेजिडेंट्स कैंडल मार्च निकाल कर विरोध भी कर कर चुके है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।