कोर्ट के आदेश के बाद सीएमओ की ओर से गठित मेडिकल बोर्ड ने शनिवार को डासना जेल पहुंचकर यादव सिंह के स्वास्थ्य की जांच की। मेडिकल बोर्ड ने यादव सिंह को अनस्टेबल एंजाइना और स्लिप डिस्क से पीड़ित बताया।
एमएमजी अस्पताल के तीन चिकित्सकों की टीम दोपहर 12 बजे डासना जेल में बंद नोएडा अथॉरिटी और यमुना एक्सप्रेस-वे के चीफ इंजीनियर रहे यादव सिंह के स्वास्थ्य की जांच करने पहुंची। टीम में हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. सुनील कात्याल, आर्थोपेडिक डॉ. रविंद्र राणा और वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरपी सिंह शामिल रहे।
टीम ने 1 बजे से लेकर 3 बजे तक यादव सिंह की जांच की। इसके बाद टीम ने सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल को रिपोर्ट सौंपी, जिसमें उन्होंने बताया कि यादव सिंह को अनस्टेबल एन्जाइना और स्लिप डिस्क की समस्या है।
क्या था मामला:
यादव सिंह ने विगत माह सीबीआई कोर्ट में अर्जी देकर खुद को हाइपरटेंशन और स्लिप डिस्क की शिकायत बताते हुए गुहार लगाई थी कि उन्हें डासना जेल से कोर्ट में पेशी पर आने के दौरान एंबुलेंस और व्हील चेयर उपलब्ध कराई जाए।
सीबीआई के वरिष्ठ लोक अभियोजक बीके सिंह और जांच अधिकारी ने इस पर ऐतराज जताते हुए कोर्ट को बताया था कि यादव सिंह की गिरफ्तारी के दौरान ही दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से मेडिकल कराया जा चुका है और इस चेकअप में यादव सिंह पूरी तरह से फिट मिले थे।
दोनों पक्षों की बहस के बाद कोर्ट ने सीएमओ को निर्देशित किया था कि मेडिकल बोर्ड बनाकर यादव सिंह के स्वास्थ्य की जांच की जाए और जल्द से जल्द रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाए। कोर्ट का कहना था कि मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के बाद ही यादव सिंह के लिए एंबुलेंस और व्हील चेयर उपलब्ध कराने के मामले में निर्णय किया जाएगा। तब तक निजी खर्च पर यादव सिंह को एंबुलेंस और व्हील चेयर की अनुमति दे दी गई थी।