गाजियाबाद। शिक्षा का अधिकार के तहत गरीब बच्चों को प्रवेश न देने वाले निजी स्कूलों को जिलाधिकारी ने तलब किया है। इसके लिए जल्द ही एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रवेश नहीं देने वाले या नियमानुसार कम प्रवेश देने वाले सभी स्कूलों को बुलाया जाएगा। इस बैठक में बीएसए कार्यालय और स्कूलों के चक्कर काट रहे अभिभावकों की भी समस्याएं सुनी जाएंगी। अभी तक शहर के छह स्कूलों ने एक भी बच्चे को दाखिला नहीं दिया है।
इस संबंध में बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने बताया कि 30 स्कूल ऐसे हैं जो अपनी मनमानी कर रहे हैं। इन्हें तीन बार नोटिस भी भेजा जा चुका है, लेकिन यह अभिभावकों को बुला-बुुलाकर परेशान तो कर रहे हैं लेकिन प्रवेश नहीं दे रहे हैं। छह स्कूल ऐसे हैं, जिन्होंने एक भी बच्चे को प्रवेश नहीं दिया है। इसके अलावा 24 स्कूल ऐसे हैं, जिन्होंने मानक के अनुसार कम प्रवेश दिया है। इन सभी की जिलाधिकारी जल्द बैठक लेंगे। इसमें इन स्कूलों के प्रधानाचार्यों सहित उन सभी अभिभावकों को भी बुलाया जाएगा, जिनके बच्चों को प्रवेश नहीं मिल पाया है। एक, दो दिन के अंदर ही बैठक आयोजित की जाएगी। बीएसए ने बताया कि डीएलएफ पब्लिक स्कूल, साहिबाबाद, सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल, सुंदरदीप वर्ल्ड स्कूल, गुरुकुल द स्कूल, तुलसी राम माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, मुरादनगर, स्टेप यूपी स्कूल ने नोटिस के बावजूद एक भी दाखिला नहीं दिया है। इन सबको तलब किया गया है।