लोनी। बेहटा हाजीपुर कॉलोनी में जिला बदर विशाल की ईंट से पीटकर हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। हत्या में फरार चल रहे तीन आरोपियों को मंगलवार सुबह लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में अभी कुछ आरोपी और फरार चल रहे हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि एक अक्तूबर को बेहटा हाजीपुर कॉलोनी में जिला बदर विशाल की लोगों ने ईंट से पीटकर हत्या की थी। इस मामले में विशाल के भाई सचिन ने लोनी बॉर्डर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। हत्या के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। जांच में नामजद समेत वरुण, देव उर्फ कालू और प्रिंस उर्फ पुच्ची निवासी बेहटा हाजीपुर के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अमन, वरुण और प्रिंस को गिरफ्तार किया। अमन ने पूछताछ में बताया कि उसका और विशाल का क्षेत्र में गुटबाजी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों का चार माह पहले भी विवाद हुआ था जिसमें दोनों ने एक दूसरे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग के बाद पथराव किया था। एक अक्तूबर को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान विशाल का साथी दीपांशु सिर में चोट लगने पर भाग खड़ा हुआ था जबकि विशाल जमीन पर गिर पड़ा था। उसने साथियों व परिजनों के साथ मिलकर विशाल के सिर व जबड़े पर ईंट व पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जहां अस्पताल में उपचार के दौरान विशाल की मौत हो गई थी।