राजेंद्र नगर और इंदिरापुरम में शनिवार की शाम ठगों ने दो महिलाओं को ठग लिया। ठगों ने महिलाओं को चेन स्नैचिंग का खतरा बताकर, उनके आभूषण पर्स में रखवा दिए, जिसके बाद ठगों ने महिलाओं को बातों में उलझाया और उनके पर्स लेकर फरार हो गए। महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की है।
शाम करीब साढ़े छह बजे इंदिरापुरम स्थित कृष्णा विष्टा सोसायटी निवासी मीनाक्षी अपनी बेटी को शिप्रा सन सिटी छोड़कर वापस लौट रही थी। सोसायटी के गेट पर पहुंची तो एक युवक उनके पास आया।
ठग ने उनसे हरिद्वार का रास्ता पूछा, वह रास्ता बताने लगी कि तभी एक और युवक भी उनके पास आकर खड़ा हो गया। उसने महिला से कहा कि उसकी मां की तबीयत खराब है। उन्हें भंडारा कराना है, जिसके लिए पैसे की जरूरत है।
इसी बीच युवकों ने चेन स्नैचिंग की वारदातों का खतरा बताते हुए मीनाक्षी से कान के कुंडल पर्स में रखने के लिए कहा। मीनाक्षी ने कुंडल पर्स में रख लिए और दोनों उनका पर्स लेकर फरार हो गए।
वह घर पहुंची तो पर्स गायब होने का पता चला और इंदिरापुरम पुलिस को शिकायत दी। थाना इंदिरापुरम एसएचओ गोरखनाथ यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, राजेंद्र नगर में भी इसी तरह की एक और वारदात शाम करीब सात बजे हुई।
सेक्टर-3 निवासी संतोष से उनकी ज्वैलरी उतरवाकर पर्स में रखवाए और पर्स लेकर फरार हो गए। ठगों ने संतोष से घर में पूजा कराने के लिए कहकर बात शुरू की थी। उन्होंने भी थाना साहिबाबाद में शिकायत दी है।