मुरादनगर। पठानान कॉलोनी में रास्ते में खड़ा ई-रिक्शा हटाने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने घर में घुस मीडियाकर्मी को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। आरोपियों ने मीडियाकर्मी को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर की पठानान कॉलोनी के रहने वाले हरीश कुमार मीडियाकर्मी हैं। हरीश कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह वह स्कूटी से जा रहे थे। रास्ते मेें ई रिक्शा खड़ा था। उन्होंने रास्ते से ई-रिक्शा हटाने के लिए कहा तो आरोपी आग बबूला हो गए और हरीश को गाली गलौज करने लगे। उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया।
कुछ देर बाद आरोपियों ने हरीश कुमार को घेर लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हरीश कुमार जान बचाने के लिए घर की तरफ दौड़े तो आरोपियों ने घर में घुसकर पीटा और जातिसूचक शब्द कहे। एसीपी मसूरी सर्किल ने बताया कि तहरीर के अनुसार गुड्डू, सलार, आमिर निवासी अज्ञात और पंकज निवासी शीतलपुरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।