गाजियाबाद। शहर में बढ़ते प्रदूषण और यातायात पुलिस की सख्ती के बीच वाहन चालकों के सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई है। बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) वाले वाहनों के खिलाफ चल रहे चेकिंग अभियान से बचने के लिए लोग पीयूसी केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन आधार कार्ड और वाहन के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) में मोबाइल नंबर और नाम अलग-अलग होने के कारण उनका सर्टिफिकेट नहीं बन पा रहा है। नतीजतन, वाहन चालक पिछले कई दिनों से आरसी में विवरण अपडेट कराने के लिए आरटीओ कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं। रोजाना ऐसे 20 से 25 मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें सिर्फ चार से पांच शिकायतों का ही निस्तारण हो पा रहा है।
परिवहन विभाग के नियमों के तहत अब पीयूसी जारी करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और ओटीपी आधारित कर दिया गया है। पीयूसी केंद्रों पर वाहन का नंबर डालते ही आरसी में दर्ज मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाता है। समस्या यह है कि अधिकांश लोगों के आधार कार्ड में तो नया मोबाइल नंबर दर्ज है, लेकिन पुरानी आरसी में पुराना या बंद हो चुका नंबर चल रहा है। ओटीपी न मिलने के कारण पीयूसी जारी नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा कई वाहन मालिकों के नाम की वर्तनी (स्पेलिंग) में आधार और आरसी के बीच अंतर होने से भी सिस्टम आवेदन स्वीकार नहीं कर रहा है।
पीयूसी केंद्रों से निराश लौट रहे लोग अब संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) और जनसेवा केंद्रों पर लाइन लगा रहे हैं। वाहन चालकों का कहना है कि नंबर और नाम अपडेट होने में कई दिन का समय लग रहा है, जबकि सड़क पर निकलते ही 10 हजार रुपये के भारी चालान का डर सता रहा है। लोगों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि तकनीकी खामी दूर होने तक पीयूसी बनवाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक जुर्माने से राहत मिल सके। वहीं, इस संदर्भ में एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रोजाना ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कई बार ऐसा होता है कि पोर्टल नहीं चलने पर ही नंबर अपडेट नहीं हो पाता है।