गाजियाबाद। मोदीनगर के बेगमाबाद बुदाना गांव में मस्जिद के पास अवैध कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे लोगों ने जीडीए गेट पर धरना दिया। लोगों का आरोप था कि मस्जिद कमेटी की मिलीभगत से मस्जिद के आसपास की जमीन पर अवैध तौर पर कब्जा किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। इसे हटाने की मांग की जा रही है।
गांव के लोगों के साथ ही एक हिंदू संगठन के लोग भी धरने में शामिल हुए। लोगों का आरोप है कि 80 के दशक में गांव में मस्जिद के लिए जमीन का आवंटन किया गया था। कागजों में मस्जिद दर्ज है, लेकिन मस्जिद कमेटी आसपास की जमीन पर भी कब्जा कर रही है। इसे हटाया नहीं गया तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे। धरने में शामिल राजा ने कहा कि अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग जिलाधिकारी से भी कर चुके हैं। प्रशासन की ओर से जीडीए के पास भेजा गया, लेकिन यहां भी सुनवाई नहीं हो रही है। धरना स्थल पर पहुंचे जीडीए के अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा गया है। जीडीए का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।