साहिबाबाद। लोकसभा चुनाव के लिए आईटीएस में प्रशिक्षण के दौरान पहले दिन गैरहाजिर रहे 210 चुनाव कर्मियों को नोटिस जारी करने के बाद दूसरे दिन प्रशिक्षण में 42 कर्मी ही पहुंचे। बृहस्पतिवार को भी 168 क्रमिक गैर हाजिर रहे। इनमें से 110 तो पीठासीन अधिकारी और 63 प्रथम मतदान अधिकारी गायब रहे।
दूसरे दिन हुए लोकसभा निर्वाचन 2014 के तहत पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम का दूसरे दिन का प्रशिक्षण आईटीएस में संपन्न हुआ। पहली पाली में कुल 1480 में से 83 अनुपस्थित रहे, जिनमें 50 पीठासीन अधिकारी एवं 33 प्रथम मतदान अधिकारी अनुपस्थित थे। वहीं दूसरी पाली में कुल 1532 में से 85 अनुपस्थित रहे। इनमें भी 55 पीठासीन अधिकारी और 30 प्रथम मतदान अधिकारी थे। प्रशिक्षण का पर्यवेक्षण मुख्य विकास अधिकारी कार्मिक प्रभारी अभिनव गोपाल द्वारा किया गया।
बृहस्पतिवार को भी गैरहाजिर रहे कर्मचारियों को नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि वह शुक्रवार को उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान गंभीर बीमारी के कारण ड्यूटी करने में असमर्थ लोगो के लिए ड्यूटी कटवाने के लिए मेडिकल बोर्ड की व्यवस्था की गई।
95 कर्मचारियों ने ड्यूटी कटवाने का किया आवेदन
प्रशिक्षण के दौरान लगभग 60 कर्मचारियों ने मेडिकल बोर्ड के समक्ष अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत किया। वहीं 35 लोगों ने विभिन्न कारणों से अपनी ड्यूटी कटवाने के लिए आवेदन किया।