साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के बृजविहार बी-ब्लॉक में बाइक सवार दो लुटेरों ने सेल्स मैनेजर की मां के गले से सोने की चेन लूट ली। घटना के दौरान वह मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थीं। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। सेल्स मैनेजर अभिषेक सिंह ने बताया कि उनकी मां अभिलाषा देवी बृजविहार के मंदिर में पूजा करने गई थीं। दोपहर 12:20 बजे वहां से लौटते हुए घर के पास बाइक पर खड़े दो लुटेरों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर एक तोले सोने की चेन लूट ली। बाइक चला रहे लुटेरे ने हेलमेट जबकि पीछे बैठे लुटेरे ने कैप और टीशर्ट पहने हुए था। सूचना पर मौके पर थानाध्यक्ष और एसओजी टीम पहुंची। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को लुटेरों की पहचान के लिए खंगालना शुरू कर दिया। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय का कहना है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।