घंटाघर रामलीला मैदान के पास लगे जाम में फंसे लोग। संवाद
गाजियाबाद। दशहरा पर्व पर ट्रैफिक पुलिस ने जीटी रोड और कविनगर रामलीला मैदान में पुतला दहन के चलते रूट डायवर्जन रखा। जीटी रोड पर दोपहर दो बजे से भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया था। कविनगर रामलीला मैदान के आसपास हल्के वाहन भी शाम को बंद कर दिए गए।
रामलीला मैदान और आसपास के इलाके में सुरक्षा के सख्त इंतजाम रहे। इसके साथ ही दुर्गा मूर्ति विसर्जन के कारण मेरठ रोड पर भी मालवाहक वाहनों का संचालन बंद है। ऐसे वाहनों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से निकाला जा रहा है। हालांकि डायवर्जन के बावजूद भी कविनगर और कोतवाली क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान के आसपास जाम रहा।
एसीपी यातायात जियाउल अहमद ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों की आवाजाही जीटी रोड पर साजन मोड़ से हापुड़ तिराहे के बीच बंद कर दी गई। शाम को घंटाघर रामलीला मैदान में पुतला दहन के बाद सड़क पर दोनों तरफ लोगों की भीड़ रही। दिन में भी रामलीला मैदान में भारी भीड़ पहुंची।
यही हाल कविनगर रामलीला मैदान का भी रहा। पुलिस ने रामलीला मैदान के आसपास शाम को वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। सुरक्षा के लिए रामलीला मैदानों के आसपास एवं अंदर पुलिसबल तैनात रहा। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल के मुताबिक दशहरा पर सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए गए थे। पुलिसकर्मियों ने संदिग्धों पर निगाह रखी और ड्रोन से निगरानी की गई।