साहिबाबाद। खोड़ा में भवन निर्माण सामग्री विक्रेता सीताराम पाल पर दिन-दहाड़े फायरिंग करने वाले दो स्कूटी सवार और साहिबाबाद क्षेत्र में बीटेक छात्र त्रिदेव शर्मा को ब्लेट मारकर आईफोन छीनकर ले जाने वाले बाइक सवारों को पुलिस आजतक नहीं पकड़ पाई है। यह स्थिति तब है जब पुलिस के पास दोनों वारदातों की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है और छिनैती मामले के आरोपियों की साफ तस्वीर भी। करीब 15 दिन से लगातार आरोपी पुलिस को चकमा देने में सफल हो रहे हैं।
खोड़ा स्थित मास्टर पार्क गली नंबर 14 निवासी सीताराम पाल भवन निर्माण सामग्री विक्रेता हैं। 21 जून की सुबह करीब 11ः30 बजे वह दुकान पर बैठे थे। तभी दो स्कूटी सवार वहां पहुंचे और कारोबारी पर गोली दाग दी। गनीमत रही कि हमले में वह बाल-बाल बचे। इस मामले में पुलिस स्कूटी ट्रेस कर चुकी है लेकिन आरोपियों को अब तक नहीं पकड़ पाई है। वहीं आठ जून की सुबह साहिबाबाद के लाजपतनगर ए-ब्लॉक निवासी बीटेक छात्र त्रिदेव शर्मा से दो बाइक सवारों ने ब्लेड मारकर आईफोन फोन छीना और भाग गए। इस वारदात में पुलिस के पास आरोपियों की साफ तस्वीर सीसीटीवी कैमरों में कैद मिली लेकिन अब तक इनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
वर्जन
दोनों ही वारदातों में फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया गया है। कुछ स्थानों पर कैमरे न लगे होने की वजह से ट्रेस करने में दिक्कतें सामने आ रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। -धवल जायसवाल, प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन