साहिबाबाद फल सब्जी मंडी के बाहर लगे फुटकर विक्रेता। संवाद
साहिबाबाद। सावन माह की शुरुआत के साथ ही फलों की मांग बढ़ने लगी है। व्रत और पूजा-पाठ के कारण मंडियों और फुटकर बाजारों में केला, सेब, अमरूद सहित अन्य फलों की खरीदारी तेज हो गई है। बढ़ती मांग का असर कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।
फल कारोबारियों का कहना है कि सावन में बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं, इसके चलते फलों की खपत सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। सबसे अधिक मांग केला, सेब और अमरूद की बनी हुई है। वहीं, आम विक्रेता सतीश का कहना है कि आम का सीजन समाप्ति की ओर होने के बावजूद मांग बनी हुई है। मंडी में आम 60-70 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है और खुदरा बाजार में 120-150 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। दुकानदार अनिल ने बताया कि पपीता 40-45 रुपये किलोग्राम बिक रमा है। यदि आवक सामान्य रही तो कीमतों में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी। दूसरी ओर, खरीदार सोनम का कहना है कि धार्मिक आस्था के कारण बढ़ी कीमतों के बावजूद फल खरीदने पड़ रहे हैं। मंडी के बाहर फल बेच रहे फुटकर विक्रेता अहमद ने बताया कि केला 60-70 रुपये प्रति दर्जन, अनार 160किग्रा, अमरूद 120 किग्रा, अनानास 150 किग्रा और सेब 120 रुपये किग्रा बिक रहा है।