गाजियाबाद जिले के शालीमार गार्डन क्षेत्र में महिला के कान से कुंडल खींचकर भाग रहे दिल्ली पुलिस के सिपाही सौरभ चौधरी को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी तैनाती दिल्ली के हैदरपुर स्थित सब कंट्रोल रूम में होने की बात बताई। साथ ही शराब पीकर जाते समय महिला के कुंडल खींचने की बात स्वीकार की है।
मामला बुधवार की दोपहर करीब चार बजे की है। सिपाही दिल्ली पुलिस में पिता की मौत के बाद मृत आश्रित में भर्ती हुआ था। पुलिस की पूछताछ में उसने एक साल पहले पत्नी से तलाक के बाद नशे की लत में पड़ने और वारदात करने की बात कही है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर दिल्ली पुलिस को भेजी जाएगी।