अहार। थाना अहार क्षेत्र निवासी पिता ने दिल्ली पुलिस के सिपाही पर उनकी बेटी को बहलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गत सात अगस्त को उनकी 18 वर्षीय बेटी जहांगीराबाद स्थित इंटर कॉलेज से कक्षा 12वीं की अपनी मार्कशीट लेने के लिए निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटी। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की तलाश करने के दौरान जानकारी में आया कि आकाश उनकी पुत्री को बहलाकर अपने साथ ले गया है। बताया कि आरोपी दिल्ली पुलिस में सिपाही है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस जांच कर रही है।