गाजियाबाद। महिला और उसके भाई की सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर उन्हें बदनाम करने का मामला सामने आया है। आरोप महिला के पति पर है। मामले में महिला के पिता ने विजयनगर थाने में पुलिस आयुक्त से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला के पिता ने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी का शादी के बाद ससुराल में विवाद चल रहा है। आरोप है कि दामाद ने उनकी बेटी के नाम से फर्जी आईडी बनाकर उस पर अश्लील टिप्पणी और पोस्ट कर रहा है, जिससे उसकी काफी बदनामी हो गई। ऐसी स्थिति में वह मरने की बात कर रही है। वहीं, उसने उनके बेटे के नाम से भी फर्जी आईडी बनाकर बेटी को बदनाम करने किया है। पुलिस और साइबर थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।