संदिग्ध हालात में छत से गिरकर कैब चालक की मौत
साहिबाबाद। तुलसी निकेतन चौकी क्षेत्र के गगन विहार में रिश्तेदारी में आए कैब चालक की संदिग्ध हालात में छत से गिरकर मौत हो गई। सुबह पड़ोसी ने अपनी एक मंजिला छत पर युवक का शव पड़ा देखकर पीड़ित परिवार और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलरूप से मध्य प्रदेश के भिंड निवासी कमल किशोर (35) दिल्ली के सुंदरनगरी में किराए पर रहते थे। बुधवार को कमल किशोर गगन विहार स्थित अपनी बुआ के घर आए थे। कमल दिल्ली में एक कैब कंपनी में कैब चालक थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब पौने छह बजे पड़ोसी ने कमल का शव अपनी छत पर पड़ा देखकर मृतक के रिश्तेदार और पुलिस को मामले की सूचना दी। चौकी प्रभारी सलाउद्दीन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कमल बुआ के घर बुधवार रात में ही आया था और सोने के लिए दो मंजिला छत पर चला गया। रात में किसी वक्त वह पड़ोसी के एक मंजिला छत पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। एसएचओ साहिबाबाद जितेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। युवक के परिजन मध्य प्रदेश में रहते हैं। परिजनों के आने पर बातचीत के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक के परिजनों के आने का इंतजार
चौकी प्रभारी सलाउद्दीन ने बताया कि कैब चालक की बुआ भी घटना के बाद सदमे में हैं। उन्होंने भी घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पुलिस को मृतक के परिजनों के आने का इंतजार है।