गाजियाबाद। संयुक्त जिला अस्पताल में टीबी और सांस रोग की भर्ती मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। अस्पताल के कार्यवाहक सीएमएस ने आरोप को बेबुनियाद बताया है। राकेश मार्ग निवासी टीबी की मरीज 18 वर्षीय मनीषा को सांस लेने में तकलीफ होने पर बृहस्पतिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार को सुबह साढ़े नौ बजे उनकी मौत हो गई। मनीषा के पति जयकांत का आरोप था कि उचित इलाज न होने की वजह से उनकी पत्नी की मौत हुई है। जयकांत ने बताया कि मनीषा को बीते कई दिनों से बुखार आ रहा था। सांस लेने में जब अधिक परेशानी होने लगी तो 12 नवंबर को संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इमरजेंसी वार्ड में जब जांच कराई गई तो उसमें लोअर रेस्पिरेटरी ट्रैक इन्फेक्शन यानी श्वसन पथ के निचले हिस्से में संक्रमण पाया गया जिसका उपचार किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को मरीज को सांस लेने में परेशानी हुई तो चिकित्सक को बुलाया गया लेकिन कोई चेकअप करने नहीं आया। सुबह साढ़े आठ बजे ज्यादा तबीयत खराब हुई तो मेडिकल वार्ड से इमरजेंसी में ले जाया गया लेकिन वहां कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार करने के बाद करीब साढ़े नौ बजे मनीषा की मौत हो गई। मनीषा का विवाह दो वर्ष पहले हुआ था और उसकी छह महीने की एक बेटी भी है। ससुराल वालों के आरोप के बाद शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से करवाया गया है। इस मामले में कार्यवाहक सीएमएस डॉ. योगेंद्र ने बताया कि महिला टीबी और सांस के गंभीर रोग से ग्रसित थी। शुक्रवार की सुबह इमरजेंसी में डॉ. राहुल वर्मा ने महिला का चेकअप किया था इसलिए यह आरोप बेबुनियाद है कि किसी चिकित्सक ने चेकअप नहीं किया। वैसे परिजनों की तरफ से भी किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सांस रोगियों की संख्या 20 फीसदी बढ़ी
पिछले एक सप्ताह में बढ़ते प्रदूषण के साथ ही अस्पतालों में सांस रोगियों की संख्या 20 फीसदी बढ़ गई है। स्मॉग की वजह से सांस लेने में परेशानी, गले में दर्द और छाती में दर्द के मरीज अधिक आ रहे हैं। संयुक्त जिला अस्पताल के सांस रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल वर्मा ने बताया कि ओपीडी में पहले जहां 50 से 60 मरीज आते थे वहां अब 80 से 90 मरीज आ रहे हैं। इसमें पुराने अस्थमा के रोगी के अलावा सामान्य तौर पर भी लोग आ रहे हैं। शुक्रवार को इमरजेंसी में गोविंदपुरम निवासी अमन शर्मा (28) को सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। अमन ने बताया कि उनको पहले से कोई सांस का रोग नहीं है। पिछले कुछ दिनों से सर्दी-जुकाम के बाद शुक्रवार को सांस लेने में तकलीफ होने लगी।