उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद में इंदिरापुरम थाना इलाके के मकनपुर में सोमवार सुबह एक कमरे में पंखे पर रस्सी के सहारे पति पत्नी का शव लटका मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी ने मकान मालिक को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।
पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रथम दृष्टया पुलिस सुसाइड मान रही है। पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना देकर जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से अनूपशहर बुलंदशहर निवासी रामकुमार उर्फ रामू (25) पत्नी काजल (23) के साथ इंदिरापुरम के मकनपुर में लक्ष्मण त्यागी के मकान में किराए पर रहते थे।
वह खोड़ा में खाना बनाने का काम कर अपनी जीविका चला रहे थे। सोमवार सुबह पड़ोसी ने गेट खटखटाया तो राम कुमार का गेट नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों ने खिड़की से देखा तो रामू और काजल का शव फंदे से लटका हुआ था। उन्होंने मकान मालिक लक्ष्मण के घर पहुंचकर सूचना दी।
लक्ष्मण मौके पर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। सूचना पाकर एचएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर दोनों शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। इसके बाद एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह और सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी की।