गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने कॉलेजों से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण के लिए आधार प्रमाणित छात्रों का डाटा मांगा है। वीएमएलजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रचना प्रसाद ने बताया कि दो से तीन दिनों में मुख्यमंत्री मेरठ में टैबलेट वितरित करेंगे। इसके मद्देनजर विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों और संस्थानों के प्राचार्यों तथा नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्हें तत्काल टैबलेट की मैपिंग कराने को कहा गया है। साथ ही, इंस्टीट्यूशन के पास लंबित टैबलेट को जिला स्तर पर भेजने के लिए भी कहा गया है। कॉलेजों को जिला स्तर पर क्षितिज यादव से संपर्क करना होगा। उन्हें अपने लॉक्ड टैबलेट डाटा के सापेक्ष टैबलेट प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। आधार सत्यापन लंबित छात्रों का सत्यापन भी तुरंत पूरा करने को कहा गया है।