ब्लड स्टोरेज यूनिट के लिए ड्रग्स विभाग का निरीक्षण पूरा, शासन की अनुमति का इंतजार
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू करने की तैयारी पूरी हो गई है। लंबे समय से लंबित ड्रग्स विभाग का निरीक्षण भी पूरा हो चुका है। विभाग की ओर से जरूरी अनुमति मिल गई है। चिकित्सक और लैब टेक्नीशियन का प्रशिक्षण भी पूरा हो गया है। अब शासन से अंतिम अनुमति मिलने का इंतजार है। इसके बाद सीएचसी में ही मरीजों को जरूरत के समय खून उपलब्ध हो सकेगा।
डासना सीएचसी को जुलाई 2025 में फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) का दर्जा मिला था। इसके बाद यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। केंद्र पर अल्ट्रासाउंड और सीजेरियन प्रसव की सुविधा शुरू हो चुकी है। अब ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए भवन तैयार कर लिया गया है। शासन की ओर से ब्लड स्टोरेज के लिए फ्रिज भी उपलब्ध करा दिया गया है। शुरुआती चरण में यहां 20 यूनिट खून रखने की व्यवस्था होगी।
ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू होने से डासना और आसपास के क्षेत्रों की करीब पांच लाख आबादी को लाभ मिलेगा। खासकर प्रसव के दौरान रक्त की जरूरत पड़ने पर मरीजों को दूसरे अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। गंभीर मरीजों को समय पर खून उपलब्ध होने से उपचार में भी सहूलियत मिलेगी।
जिले में जिला महिला अस्पताल, संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल, लोनी सीएचसी और मुरादनगर सीएचसी को पहले ही एफआरयू का दर्जा मिल चुका है। डासना सीएचसी में भी इस दर्जे के तहत चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इसके साथ ही चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी है।
शासन की अनुमति मिलते ही शुरू होगी यूनिट
सीएचसी प्रभारी डॉ. प्राचीपाल ने बताया कि ब्लड स्टोरेज यूनिट के लिए भवन तैयार है। चिकित्सक और लैब टेक्नीशियन का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। ड्रग्स विभाग का निरीक्षण भी हो गया है और वहां से अनुमति मिल गई है। अब शासन की अनुमति का इंतजार है। इसके मिलते ही यूनिट शुरू कर दी जाएगी।