मुरादनगर नया नूरगंज निवासी कैंसर पीड़ित दो मासूम बच्चों की जिंदगी बचाने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को छह लाख का चेक दिया गया है। रविवार को एमएलसी आशु मलिक ने नायब तहसीलदार के साथ पीड़ित के घर पहुंचकर चेक सौंप दिया।
इसके अलावा एमएलसी ने सह बिस्वा कालोनी में 40 गज में पीड़ित बच्चों के लिए एसी कमरा बनाकर देने की घोषणा भी की है, जिस पर सोमवार से चिनाई का काम शुरू हो जाएगा। एमएलसी का कहना है कि कैंसर पीड़ितों को एसी कमरे में रहना जरूरी होता है। उधर, कैंसर पीड़ित बच्चों की मां का कहना है कि दोनों बच्चों की हालत अब नार्मल है।
बता दें नया नूरगंज कालोनी निवासी आसमां के तीन बेटे कैंसर से पीड़ित थे। इलाज समय पर नहीं मिलने के कारण छोटे बेटे जैद की 22 अगस्त को मौत हो गई थी। अब आसमां अपने दो बच्चों कैस (4) और कैफ (2) की जिंदगी बचाने की कोशिश में जुटी है।
31 अगस्त को अचानक बड़े बेटे कैस की हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में गाजियाबाद के गार्गी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। आसमां ने बताया कि अब उसकी हालत नार्मल है और वह उसे घर ले आई है।
वहीं रविवार को सपा एमएलसी आशु मलिक, नायब तहसीलदार अभिषेक शाही और तहसीलदार सदर के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और मुख्यमंत्री राहत कोष से छह लाख रुपये का चेक आसमां को सौंपा। एमएलसी ने बताया कि मेडिकल साइंस के मुताबिक कैंसर पीड़ितों को एसी में रहना जरूरी होता है।
इसके चलते पीड़ित परिवार को वह अपने निजी खर्च से सह बिस्वा कालोनी में स्थित 40 गज के प्लाट में एसी कमरा बनाकर दे रहे हैं। जिसमें सोमवार से चिनाई का काम शुरू हो जाएगा। एमएलसी के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष नूरहसन मलिक, सपा नगर अध्यक्ष परवेज चौधरी, सोनी प्रधान, शौकीन मलिक, लियाकत अंसारी, महबूब अंसारी, औशाद खान आदि मौजूद रहे।
अमर उजाला का तहे दिल से शुक्रिया
मैं जीवन भर अमर उजाला का अहसान नहीं भूल पाऊंगी। खबरें प्रकाशित कर लोगों को मदद के लिए प्रेरित किया है। मैं अमर उजाला के साथ-साथ आशु मलिक, विधायक वहाब चौधरी, निजाम भाई हर मददगार का तहे दिल से शुक्रिया अदा करती हूं। मुझे लगता है कि मैं अपने दोनों बच्चों की जिंदगी बचा पाऊंगी। -आसमां कैंसर पीड़ित बच्चों की मां।