एक कुत्ते को बचाने के लिए इंटरनेट से नंबर निकालकर पशु बचाव दल को कॉल करना शुभम सिंह को महंगा पड़ गया। मधुबन बापूधाम क्षेत्र के सीबीआई अकादमी निवासी शुभम सिंह से शातिरों ने पांच हजार रुपये ठग लिए। मामले में उन्होंने साइबर सेल में शिकायत करके केस दर्ज कराया है।
सीबीआई अकादमी निवासी शुभम के पिता सीबीआई में हेड कांस्टेबल हैं। शुभम का कहना है कि अकादमी के पास में दो कुत्तों के बीच लड़ाई हो गई थी। इसमें एक कुत्ता घायल हो गया। उसका उपचार कराने के लिए उन्होंने इंटरनेट से एक पशु बचाव दल का नंबर निकालकर कॉल किया। कॉल उठाने वाले ने आने के नाम पर उनसे पांच रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा और एक कोड भेजा। उन्होंने पांच रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन उनके पास कोई मेसेज नहीं आया। एसीपी कविनगर का कहना है कि मामले में साइबर सेल की मदद लेकर जांच की जा रही है।