गाजियाबाद। बड़ी संख्या में ट्रेनें निरस्त रहने से शुक्रवार को स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई। किसी भी प्लेटफार्म पर जब खड़ा होने तक की जगह नहीं बची तो यात्रियों ने एफओबी और प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर बैठकर समय गुजारा। कुछ यात्रियों को जब यहां पर भी जगह नहीं मिली तो वे टिकट घर की शेड में ही जमीन में बैठ गए। लोगों को बैठने के लिए एक बेंच भी रेलवे प्रबंधन की ओर से नहीं डाली गई। प्लेटफॉर्म पर भीड़ काे नियंत्रित करने के लिए जारपीएफ, जीआरपी की संयुक्त टीम बनाकर ड्यूटी लगाई गई।
यमुना का जलस्तर बढ़ने से शुक्रवार को भी शालीमार मलानी समेत 10 से अधिक लोकल ट्रेनों को निरस्त कर दिया। जो ट्रेनें चलीं, उनमें अधिकांश अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही थीं। यही वजह रही कि स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। दोपहर बाद बारिश हुई तो शेड में सिर छिपाने के लिए अफरा तफरी जैसी स्थिति पैदा हो गई। ट्रेनों के इंतजार में स्टेशन पर बैठी सुनीता ने बताया कि बरेली जाने के लिए सवेरे सात बजे से स्टेशन पर बैठी हूं। जो ट्रेनें आ रही हैं, वह पहले से फुल हैं। इसलिए चढ़ने की जगह नहीं मिल रही।
मुरादाबाद पीईटी की परीक्षा देने जा रहे कविंद्र ने बताया कि चार घंटे के इंतजार के बाद भी मुरादाबाद के लिए कोई ट्रेन नहीं मिली। एक ट्रेन आई पर उसमें पैर रखने की जगह नहीं है। अब बस से ही जाने की मजबूरी है।
यह ट्रेनें रहीं निरस्त
-ट्रेन नंबर 14682-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
-ट्रेन नंबर 64112 शकूरबस्ती दनकौर ईएमयू
-ट्रेन नंबर 64425 गाजियाबाद नई ईएमयू
-ट्रेन नंबर 14521 अंबाला इंटरसिटी एक्सप्रेस
-ट्रेन नंबर 64432 नई दिल्ली गाजियाबाद ईएमयू
-ट्रेन नंबर 64431 गाजियाबाद नई दिल्ली ईएमयू
-ट्रेन नंबर 14661 शालीमार मलानी एक्सप्रेस
-ट्रेन नंबर 64450 नई दिल्ली गाजियाबाद महिला स्पेशल
-ट्रेन नंबर 64106 दिल्ली खुर्जा ईएमयू
-ट्रेन नंबर 64107 दनकौर दिल्ली ईएमयू
-ट्रेन नंबर 54307 दिल्ली पैसेंजर
यह ट्रेनें देरी से आईं
शुक्रवार सवेरे कलिंगा उत्कल अपने निर्धारित समय से सवा सात घंटे देरी से गाजियाबाद पहुंची। इसको यहां सवेरे 11 बजे पहुंचना था, लेकिन यह यहां पर सवा छह बजे पहुंची। चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस 40 मिनट, सीमांचल एक्सप्रेस 32 मिनट, नेताजी एक्सप्रेस 45 मिनट, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस 50 मिनट, जम्मू तवी एक्सप्रेस दो घंटे, रानीखेत एक्सप्रेस पौने दो घंटे, कॉर्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस एक घंटे 52 मिनट देरी से आई।