- पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार संवाद न्यूज़ एजेंसी बुलंदशहर । नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक के खाते से शातिरों ने हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ली । मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने बैंक जाकर जानकारी हासिल की । साथ ही अब अज्ञात आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में तहरीर दी है । पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई हैं । नगर के देवीपुरा निवासी निवासी रविन्द्र कुमार शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि उसका नगर के ही एक बैंक में खाता खुला हुआ है । गत 11 अप्रैल को उसके फोन पर अज्ञात नंबर से फोन आया था । साथ ही आरोपी ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए पीड़ित से उसके बैंक की जानकारी हासिल कर ली थी । जिसके बाद आरोपी ने उसके खाते से 15 हजार रुपये की नगदी साफ कर दी थी । बैंक द्वारा मिले मैसेज के माध्यम से पीड़ित को रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई । जिसके बाद उसने बैंक जाकर मामले की गहनता से जानकारी जुटाई तो उसे अपने ठगे जाने का पता चला । नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है । जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा ।