माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर 16 में सुबह करीब 11 बजे साइकिल से मंदिर जा रहे व्यक्ति को बुलेट बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने बाइक के नंबर के आधार पर इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। प्रहलादगढ़ी गांव में नागेंद्र पत्नी के साथ किराए पर रहते थे। उनकी पत्नी रीता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 अगस्त को सुबह 11 बजे नागेंद्र साइकिल से वसुंधरा हनुमान मंदिर जा रहे थे। वसुंधरा सेक्टर 16 में बुलेट बाइक सवार ने उनकी सइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह लहुलूहान होकर सड़क पर गिर गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान घायल नागेंद्र की मौत हो गई। रीता ने बुलेट बाइक के नंबर के आधार पर इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी है। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक घायल
कमला नेहरु नगर निवासी प्रेमजीत को साहिबाबाद सब्जी मंडी के सामने मोहननगर से दिल्ली जाते हुए किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें वैशाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएचओ इंदिरापुरम का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।