माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। एनसीआर में रात में वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कौशांबी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी की एक ब्रेजा कार, चाकू और तमंचा बरामद किया है। पुलिस चोरी के वाहन खरीदने वालों की तलाश कर रही है।
सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन ने बताया कि चौकी इंचार्ज वैशाली बीसी शर्मा अपनी टीम के चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक ब्रेजा कार में दो संदिग्ध आते दिखे पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो आरोपी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में दोनों के पास से एक चाकू और एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस जांच में कार चोरी की निकली। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई। सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सागर निवासी सरस्वती टॉवर वैशाली और अंकुश निवासी शारदा आपार्टमेंट वैशाली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया वह रात में निकलकर रेकी करते थे। इसके बाद वाहन चोरी कर पार्किंग में छिपा देते थे। कुछ दिन बाद ग्राहकों की तलाश कर उसे औने पौने दामों पर बेच देते थे। पुलिस बरामद हुई ब्रेजा कार के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चोरी के वाहन खरीदने वालों कीतलाश कर रही है।