साहिबाबाद। मोहन नगर आरओबी पर सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने चलते ऑटो से खींचकर महिला को घसीटा फिर मोबाइल लूटकर फरार हो गए। महिला को हाथ-पैरों में काफी चोटें आई हैं। चोटिल महिला ने पुलिस से शिकायत की है।
वैशाली सेक्टर-4 निवासी पूजा शर्मा मोहन नगर स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे पूजा ऑटो से घर लौट रही थीं। मोहन नगर फ्लाईओवर पर पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल झपटने लगे।
पूजा ने विरोध करते हुए उनका हाथ पकड़ा तो बदमाश ने उन्हें बाहर खींच लिया और काफी दूर तक घसीटते हुए ले गए। इसके बाद मोबाइल लूटकर भाग गए। राहगीरों ने पूजा को उठाया और ऑटो में अस्पताल भेजा।
उनके हाथों और पैरों में काफी चोटें लगीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पूजा मंगलवार सुबह पति के साथ थाना साहिबाबाद पहुंचीं। जहां से उन्हें इंदिरापुरम थाने भेज दिया गया। एसओ इंदिरापुरम शीलेश यादव ने बताया कि महिला का मोबाइल सर्विलांस पर लगाकर जांच की जा रही है।
ऑटो वाला पीछा करता तो पकड़े जाते बदमाश
पूजा ने बताया कि गिरने के बाद उन्होंने चिल्लाकर कई बाइक सवार युवकों से पीछा करने की अपील की मगर किसी ने पीछा नहीं किया। ऑटो चालक से भी उन्होंने कहा कि उन्हें बिठाकर पीछा करे मगर वह भी नहीं माना।
अगर बदमाशों का पीछा किया जाता तो आसानी से वसुंधरा रेड लाइट पर आसानी से उन्हें पकड़ा जा सकता था। उन्होंने वसुंधरा रेड लाइट पर पुलिसकर्मियों को शिकायत भी दी। मगर उन्होंने भी बदमाशों का पीछा नहीं किया।