मां के साथ साहिबाबाद गांव में रहने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा ने कमरे में चुन्नी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने मां से माफी मांगते हुए अपने प्रेम प्रसंग का जिक्र किया है। पुलिस को अंदेशा है कि इसी वजह से मां के डांटने पर उसने आत्महत्या की है।
मूलरूप से जमशेदपुर झारखंड की रहने वाली किशोरी की मां साहिबाबाद गांव में किराए पर रहती हैं। वह दिल्ली के एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। उनकी 15 वर्षीय बेटी साहिबाबाद के ही एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। बुधवार दोपहर करीब एक बजे पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी कि छात्रा ने पंखे से चुन्नी बांधकर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है।
पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे साफ हो रहा है कि छात्रा का किसी से प्रेम प्रसंग था। उसकी मां उसे रोकती थी। ऐसे में छात्रा ने सुसाइड किया है। छात्रा ने सुसाइड नोट में अपनी मां से माफी मांगते हुए लिखा है कि ‘मम्मी, मैंने लाइफ में सारी गलती की है,
पर मैंने ऐसी गलती भी की है जिसके लिए माफी नहीं है। मैंने आपका दिल दुखाया है। सबसे पहली गलती है कि मैंने धरती पर जन्म लिया और दूसरी गलती है कि प्यार किया। मैं जब मर जाऊं तो मुझे कभी याद नहीं करना। मैं जब मर जाऊं तो मेरी जान से जरूर बात करना।’
मनोचिकित्सक बोले, बच्चों को डांटें नहीं, सही-गलत का मतलब समझाएं
मनोचिकित्सक डॉक्टर हिमांशु पांडेय ने बताया कि जब बच्चे किशोरावस्था में कदम रखते हैं तो हर काम को एक जुनून के साथ करते हैं। यौवन के करीब होने के चलते अक्सर उन्हें दोस्तों से लगाव हो जाता, जिसे वह प्यार मान लेते हैं।
ऐसे में पैरेंट्स को चाहिए कि बच्चों को डांटने की बजाए एक दोस्त की तरह सही-गलत का अर्थ समझाएं। डांटने फटकारने से अक्सर बच्चे डरते हैं और सुसाइड जैसे कदम उठा लेते हैं।
- स्टूडेंट्स द्वारा सुसाइड के मामले
21 जुलाई 2016: बाइक नहीं दिलाने पर खोड़ा के प्रकाश विहार में छात्र ने किया सुसाइड
09 अप्रैल 2015: नौवीं कक्षा में फेल होने पर श्यामपार्क में छात्र ने किया सुसाइड
28 अक्टूबर 2014: खोड़ा में माता-पिता के डांटने पर आठवीं के छात्र ने की आत्महत्या
01 मार्च 2013- न्यायखंड-3 में छात्रा ने परीक्षा के तनाव के चलते फांसी लगाकर सुसाइड किया।