मोदीनगर-मेरठ के बीच किराना के सामान से भरे ट्रक लूट मामले में मोदीनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मेरठ स्थित गोदाम से लूटा गया माल बरामद हुआ है। हालांकि ट्रक लूटने वाले चारों लुटेरे फरार हैं।
एसपी रूरल राकेश पांडेय ने बताया कि 29 मार्च को मोदीनगर-मेरठ के बीच कार सवार चार बदमाशों ने किराना के सामान से भरा ट्रक लूट लिया था। बदमाश चालक को बंधक बनाकर निवाड़ी रोड स्थित एक इंस्टीट्यूट के सामने फेंककर फरार हो गए थे। चालक की ओर से निवाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार शाम मोदीनगर पुलिस को सूचना मिली कि लूटा गया किराना के सामान परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव स्थित केडी मित्तल केम प्राईवेट लिमिटेड के गोदाम में है। पुलिस ने गोदाम पर छापा मारा और फर्म मालिक संजू मित्तल निवासी बी-28 सरस्वती चौक, दिल्ली रोड, थाना ब्रह्मपुरी मेरठ को गिरफ्तार किया।
कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने बताया कि बरामद माल की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। पकड़े गए आरोपी का कहना है कि वह ट्रक लूट में शामिल नहीं था। उसकी बुआ का बेटा राहुल निवासी सेक्टर चार शताब्दीनगर, थाना परतापुर, मेरठ ट्रक लेकर उसके पास आया था और माल उतारकर ट्रक समेत चला गया था।
पुलिस राहुल समेत फरार चारों लुटेरों की तलाश में दबिश दे रही है। एसआई इमाम जैदी ने बताया कि लुटेरे हाईवे पर रेकी कर सामान से लदा ट्रक और अन्य वाहन लूटते हैं।