कविनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने बृहस्पतिवार देर रात बिजली की लाइन को काट कर 400 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी करने की कोशिश की। मॉर्निंग वॉक पर आए लोगों से जब चोरों का सामना हो गया तो वे भाग गए। इसके चलते गोविंदपुरम ई ब्लॉक की सप्लाई करीब पांच घंटे तक बाधित रही।
मामला स्वर्णजयंतीपुरम के ई ब्लॉक का है। मॉर्निंग वॉक करने आए लोगों ने देखा कि चोरों ने ट्रांसफार्मर को नीचे उतार लिया था। इसके बाद चोर ट्रांसफार्मर के सामान को अलग-अलग खोलकर ले जाने की फिराक में थे।
तभी लोगों ने शोर मचाकर इसकी सूचना पुलिस को दी। कविनगर थाना एसओ अवधेश यादव ने बताया कि मामले में बिजली विभाग के जेई शैलेश यादव की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस ट्रांसफार्मर की कीमत करीब 7 लाख बताई गई है। ट्रांसफार्मर चोरी करने से पहले चोरों ने टीपीएमओ लाइन को काटा था।